सावधान मिर्जापुर: आपकी बाइक या चारपहिया वाहन कहीं अपराध का जरिया तो नहीं बन रहा?
मिर्जापुर। सावधान! आपके घर के बाहर सुरक्षित खड़ी बाइक या चारपहिया वाहन भले ही कई दिनों से इस्तेमाल न हुई हो, लेकिन उसका नंबर प्लेट किसी दूसरे वाहन पर लगाकर अपराध किया जा सकता है। मिर्जापुर और आसपास के इलाकों में फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद वाहन मालिकों के बीच चिंता बढ़ गई है।
मामला तब सामने आया, जब एक ग्रामीण को अचानक वाराणसी पुलिस का फोन आया। पुलिस ने बताया कि उसके वाहन नंबर से संबंधित एक चालान हुआ है और इसकी वीडियो फुटेज भी सामने आई है। यह सुनकर ग्रामीण हैरान रह गया। उसने पुलिस को बताया कि वह कई दिनों से अपना वाहन चला ही नहीं रहा है और वाराणसी भी नहीं गया है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए ग्रामीण से उसके वाहन और नंबर प्लेट की फोटो व वीडियो मांगी। ग्रामीण ने अपनी हीरो डिलक्स बाइक, जिसका नंबर UP63 से शुरू होता है, उसकी तस्वीरें पुलिस को भेजीं। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उसमें उसी नंबर का इस्तेमाल कर रही एक अलग रंग की बाइक दिखाई दी। इससे फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल की आशंका और गहरी हो गई।
ऐसे मामलों में अपराध किसी दूसरे वाहन से किया जाता है, लेकिन नंबर प्लेट किसी निर्दोष वाहन की लगा होने के कारण जांच की पहली कड़ी वाहन मालिक तक पहुंच सकती है। इससे वाहन मालिक को बेवजह पुलिस पूछताछ और कानूनी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
वाहन मालिकों से अपील है कि समय-समय पर अपने वाहन की नंबर प्लेट, आरसी और वाहन संबंधी दस्तावेजों की जांच करते रहें। यदि किसी अनजान चालान या अपराध की सूचना मिले तो घबराने के बजाय तत्काल संबंधित पुलिस थाने से संपर्क कर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करें। साथ ही अपने वाहन की फोटो और नंबर प्लेट का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।
सावधान रहें, क्योंकि वाहन आपके घर में खड़ा हो सकता है, लेकिन उसका नंबर कहीं और अपराध में इस्तेमाल किया जा सकता है।