अहरौरा। मिर्जापुर पुलिस को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता मिली है। थाना अहरौरा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन कथित हेरोइन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 334 ग्राम हेरोइन बरामद हुई,

जिसकी अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। मौके से तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद की गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई पुलिस के अनुसार, अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अहरौरा पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलीम पुत्र अजीमुल्ला, निवासी राजगढ़, मिर्जापुर; लक्की सोनकर पुत्र राजू सोनकर, निवासी बनौली, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र और इद्रू अमीन अहमद पुत्र स्वर्गीय जमील अहमद, निवासी नई बस्ती, रॉबर्ट्सगंज, सोनभद्र के रूप में हुई है।

334 ग्राम हेरोइन बराम दपुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 334 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 64 लाख रुपये है। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल नंबर UP 63 AX 7371 भी बरामद की गई।

एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज मामले में थाना अहरौरा में मु0अ0सं0-172/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार और उपनिरीक्षक आशीष कुमार सिंह सहित थाना अहरौरा पुलिस टीम शामिल रही।