मिर्जापुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए मिर्जापुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। नगर के मिश्रित आबादी वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस और पीएसी के जवानों ने भारी संख्या में पैदल गश्त करते हुए फ्लैग मार्च किया।
गश्त के दौरान पुलिस टीम ने प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील इलाकों का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया और आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस के अनुसार, बारावफात, रक्षाबंधन समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी बढ़ाई जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पैदल गश्त और फ्लैग मार्च के जरिए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ-साथ शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।