मिर्जापुर। चुनार थाना और कचहरी की ओर जाने वाली सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों, स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि इसी मार्ग से तहसील के अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी गुजरते हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर के विकास के लिए समय-समय पर बड़े-बड़े दावे और भाषण सुनने को मिलते हैं, लेकिन धरातल पर बुनियादी सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। जनता को अच्छी सड़क, स्वच्छ पेयजल, बेहतर विद्युत व्यवस्था और सुख-दुख में साथ देने वाला जनप्रतिनिधि चाहिए।
लोगों का सवाल है कि जिस सड़क से आम जनता के साथ-साथ अधिकारी और शासन-प्रशासन के जिम्मेदार लोग भी गुजरते हैं, उसकी बदहाली पर अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क की यह स्थिति दिखाई नहीं देती?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क को गड्ढामुक्त करने के दावे कई बार किए गए, लेकिन जमीनी स्थिति उन दावों से अलग नजर आ रही है। जनता किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष में बात नहीं कर रही, बल्कि उसकी मांग सिर्फ इतनी है कि जिस रास्ते से सभी को गुजरना है, उसे सुरक्षित, सुगम और गड्ढामुक्त बनाया जाए।
अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या का संज्ञान लेकर कब तक सड़क की स्थिति सुधारते हैं और आम जनता को राहत मिलती है।