अहरौरा/मिर्ज़ापुर। कुमुदिनी देवी एकेडमी, सत्यागंज (अहरौरा) के प्रांगण में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ भव्य रूप से मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने सहभागिता की।
समारोह में इण्डियन इकोनॉमिक एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मणिपुर केंद्रीय विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. आद्या प्रसाद पाण्डेय जी तथा पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC) डॉ. वीणा पांडेय जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी गई तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के हाथों में लहराता तिरंगा और ‘जय हिंद-जय भारत’ के गगनभेदी उद्घोष से पूरा विद्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।
कार्यक्रम में शामिल हुए लोगों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में राष्ट्रप्रेम, संस्कार और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समारोह में शिवम पाण्डेय ,दिव्यांशु पाण्डेय प्रभात चौबे, आदित्य विश्वकर्मा ने भी सहभागिता की और स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवपूर्ण अवसर का हिस्सा बनकर देश के वीर सपूतों को नमन किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया गया।