नई दिल्ली, 14 अगस्त। रक्षा मंत्रालय ने भारतीय सेना की परिचालन क्षमता को और मजबूत करने के लिए ‘लोइटर म्यूनिशन सिस्टम’, गोला-बारूद और संबंधित उपकरणों की खरीद हेतु टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड और निबे प्राइवेट लिमिटेड के साथ दो महत्वपूर्ण अनुबंध किए हैं। इन दोनों अनुबंधों की कुल लागत करीब 1,577 करोड़ रुपये है। अनुबंधों पर शुक्रवार, 14 अगस्त 2026 को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।

‘लोइटर म्यूनिशन सिस्टम’ को भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंटों की क्षमता बढ़ाने और उनकी परिचालन प्रभावशीलता को मजबूत करने के उद्देश्य से शामिल किया जा रहा है। इस प्रणाली की खरीद फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत ‘बाय (इंडियन)’ श्रेणी में की जा रही है।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह सौदा भारतीय सेना को आधुनिक स्वदेशी रक्षा प्रणालियों से सुसज्जित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे सेना की परिचालन क्षमताओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ देश के रक्षा उद्योग की विनिर्माण क्षमता और स्वदेशी तकनीक के विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
यह पहल भारत में रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने और विदेशी निर्भरता कम करने की दिशा में भी अहम मानी जा रही है। सरकार के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा देने के संकल्प को यह सौदा और मजबूती प्रदान करता है। Input : (PIB), भारत सरकार




