चंदौली। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की रिक्त होने वाली सीटों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी तथा 9 अक्टूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक पूरी कर ली जाएगी।

जिलाधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी रहेगी। चुनाव से जुड़े सभी उम्मीदवारों एवं पक्षों को आयोग द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।

गौरतलब है कि वर्तमान में वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से आरुतोष सिन्हा तथा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से लाल बिहारी यादव निर्वाचित सदस्य हैं। दोनों सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके चलते रिक्त होने वाली सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया गया है।