वाराणसी के बड़ागांव थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात बड़ागांव-बाबतपुर मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार नमकीन लदी पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित सर्विस सेंटर की दीवार से जा टकराई। टक्कर के बाद पिकअप पानी से भरे खेत में पलट गई। हादसे में पिकअप चालक 27 वर्षीय रोहित यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक की पहचान जमालपुर निवासी रोहित यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित अग्रवाल नमकीन कंपनी की पिकअप चलाता था और मंगलवार रात माल लेकर जा रहा था। बाबतपुर के पास अचानक वाहन से नियंत्रण खोने के बाद पिकअप अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई और पलट गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पिकअप के क्षतिग्रस्त हिस्से में चालक फंस गया था। पुलिस ने क्रेन की मदद से काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की वास्तविक वजह जानने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।