वाराणसी | वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के खुशहाल नगर में बुधवार को बाइक सवार बदमाशों ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर की पत्नी से सोने की चेन लूट ली। घटना के दौरान बदमाशों ने महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क पर गिरकर घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, डिप्टी रेंजर की पत्नी प्रिया सिंह अपने दो बच्चों के साथ राखी की खरीदारी कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक से पहुंचे बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और गले से करीब 1.20 लाख रुपये कीमत की सोने की चेन छीन ली। अचानक हुई घटना से महिला और उनके बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
धक्का लगने से प्रिया सिंह सड़क पर गिर गईं और घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।