पश्चिम बिहार के विकास, पर्यटन और व्यापार को मिलेगी नई गति, सीमावर्ती क्षेत्रों को होगा बड़ा लाभ

बक्सर/चौसा। पश्चिम बिहार के समग्र विकास एवं बेहतर सड़क संपर्क को लेकर चौसा के उपचेयरमैन प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी विकास राज ने बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री से मुलाकात कर कोइलवर–बक्सर विश्वामित्र पथ का विस्तार चौसा रानी घाट तक किए जाने की मांग उठाई।

मुलाकात के दौरान विकास राज ने मंत्री को एक ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि वर्तमान में बिहार सरकार द्वारा कोइलवर से बक्सर तक विश्वामित्र पथ का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इस महत्वाकांक्षी सड़क परियोजना को केवल बक्सर तक सीमित न रखकर बिहार की पश्चिमी सीमा स्थित चौसा रानी घाट तक विस्तारित करने का अनुरोध किया।

विकास राज ने कहा कि चौसा ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यदि विश्वामित्र पथ का विस्तार चौसा रानी घाट तक किया जाता है तो सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, कृषि, व्यापार और स्थानीय रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।उन्होंने बताया कि इस सड़क परियोजना के विस्तार से बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों के बीच आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई मजबूती प्राप्त होगी। यह परियोजना पश्चिम बिहार के लाखों लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी और विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

विकास राज ने मंत्री से आग्रह किया कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। पथ निर्माण मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

चौसा पंचायत क्षेत्र के लोगों ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए कहा कि यदि विश्वामित्र पथ का विस्तार चौसा रानी घाट तक किया जाता है तो यह पश्चिम बिहार के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम साबित होगा। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि सरकार इस जनभावना का सम्मान करते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय लेगी।