चंदौली :: जनपद के अलीनगर थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने के दौरान शुरू हुए विवाद ने बाद में फायरिंग की गंभीर घटना का रूप ले लिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए गोली चलाने की घटना में शामिल तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त रॉयल एनफील्ड बुलेट बाइक बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को रितेश कुमार पासवान निवासी खजूर गांव ने थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि कुछ युवकों ने क्रिकेट खेलने के दौरान हुए पुराने विवाद को लेकर उससे 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी उसके घर पहुंचे और छत पर गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अलीनगर पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी कहीं भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने चंदरखा अंडरपास के पास घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित यादव निवासी नाथुपुर थाना मुगलसराय, मृत्युंजय मौर्या उर्फ गुल्लू निवासी रस्तापुर भीटी थाना रामनगर वाराणसी तथा रवि किशन यादव निवासी नाथुपुर थाना मुगलसराय के रूप में हुई है। पुलिस ने रवि किशन के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड बाइक बरामद की है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रवि किशन की दोस्ती गांव की एक युवती से थी, लेकिन बाद में युवती की नजदीकियां रितेश पासवान से बढ़ गईं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन फोन पर कहासुनी के बाद आरोपी गुस्से में रितेश के घर पहुंचे, जहां विवाद बढ़ने पर फायरिंग की गई।

पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई बढ़ा दी है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *