चंदौली। उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन के तत्वावधान में युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में विद्या वाहिनी एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित यूपीएसडीएम केंद्र, डिहुलिया हसनपुर (नियामताबाद), बी.पी. इंटर कॉलेज में 900 घंटे का हेल्थ केयर प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें 150 युवक-युवतियां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।प्रशिक्षणार्थियों को प्रोत्साहित करने हेतु दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान ड्रेस का वितरण किया गया। 8 जून को 75 तथा 9 जून को शेष 75 प्रशिक्षणार्थियों को ड्रेस वितरित की गई। ड्रेस वितरण का कार्य जिला कौशल विकास विभाग की एमआईएस अधिकारी आकांक्षा सिंह द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आकांक्षा सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद इच्छुक युवाओं को निजी कंपनियों में रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जो प्रशिक्षार्थी स्वयं का व्यवसाय स्थापित करना चाहते हैं, उन्हें सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के माध्यम से बिना ब्याज अथवा रियायती दरों पर ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने तथा हेल्थ केयर एवं कंप्यूटर संबंधी व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में समाजसेवी एवं भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में कौशल विकास योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है। यह इलाका अपेक्षाकृत पिछड़ा हुआ है और इस प्रकार का प्रशिक्षण कार्यक्रम यहां पहली बार संचालित हो रहा है। प्रशिक्षणार्थियों की बढ़ती संख्या इस बात का प्रमाण है कि युवाओं में कौशल प्रशिक्षण के प्रति विशेष रुचि है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को गांव-गांव जाकर उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन की जानकारी जन-जन तक पहुंचानी चाहिए।
केंद्र प्रबंधक एवं समाजसेवी बृजेश बिंद ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र में पहली बार इस प्रकार का कार्यक्रम संचालित हो रहा है। उन्होंने इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला कौशल विकास मिशन के संचालक गुलाबचंद सर द्वारा किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक बचाऊ प्रसाद बिंद, दिनेश सर, शिक्षिकाएं आरती बिंद, निधि बिंद सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ब्यूरो चीफ : सुरेश गुप्ताभारत टाइम्स टुडे (BTT), चंदौली :::