चंदौली। पुलिस अधीक्षक चंदौली के निर्देशन में स्वाट, सर्विलांस टीम एवं जनपद पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से बड़ी सफलता हासिल करते हुए 111 खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। मंगलवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मोबाइल मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी लौट आई और उन्होंने चंदौली पुलिस का आभार व्यक्त किया।पुलिस के अनुसार, CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर स्वाट, सर्विलांस टीम और विभिन्न थानों की पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों तथा लगातार प्रयासों से अलग-अलग स्थानों से मोबाइल बरामद किए। बरामद 111 मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब ₹35.20 लाख बताई गई है।पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक कुल 418 खोए या चोरी हुए मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को वापस कराए जा चुके हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹1.21 करोड़ है। थाना सकलडीहा से सर्वाधिक 31 मोबाइल बरामद हुए, जबकि मुगलसराय से 13, चंदौली से 12, बलुआ से 9, धानापुर से 8, चकिया, कंदवा और सैयदराजा से 7-7 मोबाइल बरामद किए गए।चंदौली पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी थाना, CSC केंद्र या पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संपर्क कर सहायता प्राप्त करें।