चंदौली। अलीनगर क्षेत्र में जलजमाव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। छात्र नेता अंकित यादव के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। लोगों ने नगरपालिका प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी धर्मराज सिंह और चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने जलभराव से प्रभावित बस्ती का जायजा लिया और पानी निकालने के लिए लगाए गए पंपों की स्थिति की जानकारी ली।

डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने किया स्थलीय निरीक्षण

जलजमाव की समस्या की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग भी अलीनगर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित इलाकों का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों से जल निकासी की मौजूदा व्यवस्था की जानकारी ली।

जिलाधिकारी ने बताया कि अलीनगर का संबंधित इलाका अपेक्षाकृत निचला होने के कारण बारिश के दौरान यहां जलभराव की स्थिति बन जाती है। फिलहाल पंपों की मदद से पानी बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने समस्या के स्थायी समाधान के लिए मुख्य सड़क के किनारे नाला निर्माण और आवश्यक स्थानों पर पुलिया बनवाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एल-शेप में बने नाले को सीधा कराने की बात कही गई, ताकि पानी का प्रवाह बेहतर हो और भविष्य में जलभराव की स्थिति को कम किया जा सके।

एक सप्ताह में समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

छात्र नेता अंकित यादव ने कहा कि नगरपालिका के ईओ ने स्वयं पानी में उतरकर प्रभावित बस्ती की स्थिति देखी। जिलाधिकारी के मौके पर पहुंचने से लोगों को समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।

प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता अंकित यादव व उनके साथी ।

अंकित यादव ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो स्थानीय लोगों के साथ दोबारा आंदोलन किया जाएगा और नगरपालिका का घेराव करने की चेतावनी दी गई है।

घरों में घुसा नाली और गंदे पानी का पानी

स्थानीय निवासियो के अनुसार वार्ड नंबर 5, 3 और 16 में जलजमाव के कारण नालियों और शौचालयों का गंदा पानी कई घरों तक पहुंच गया है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों के घर से बाहर निकलने में भी दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों ने जलजनित बीमारियों और कीड़े-मकोड़ों के बढ़ते खतरे को लेकर भी चिंता जताई।

पानी निकालने के लिए लगाए गए कई पंप

चेयरमैन प्रतिनिधि शमशाद ने बताया कि जल निकासी के लिए 20 एचपी का एक पंप, 3-3 एचपी के पांच पंप और ट्रैक्टर-माउंटेड पंप लगाए गए हैं। बारिश रुकने की स्थिति में इन पंपों के माध्यम से जल्द से जल्द पानी निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि पीडब्ल्यूडी का नाला निर्माण पूरा होने के बाद अलीनगर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद है।

प्रदर्शन के दौरान मोहम्मद आरिफ, अंकित यादव, रितेश यादव, भोले, सोनू चौहान, कैमूस, सभासद आनंद यादव, गौरी और आरती देवी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।