चंदौली। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच गड़ई नदी का जलस्तर बढ़ने से प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बबुरी रोड स्थित पड़यां गांव के पास गड़ई नदी के बढ़े जलस्तर का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने नदी में पानी बढ़ने के कारणों और जल निकासी की व्यवस्था की जानकारी अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान मिर्जापुर स्थित अहिरौरा डैम से बिना पूर्व सूचना अधिक मात्रा में पानी छोड़े जाने की बात सामने आई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को अहिरौरा डैम के एक्सियन से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि डैम से छोड़े जाने वाले पानी की जानकारी पहले से प्राप्त की जाए, ताकि चंदौली में संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए लोगों को समय रहते सचेत किया जा सके।
डीएम ने गड़ई नदी में जल निकासी के मार्ग में आने वाले अवरोधों का भी स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल निकासी व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को नदी और आसपास के क्षेत्रों में जल निकासी सुचारु रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बढ़े जलस्तर और बारिश के कारण किसानों की फसलों को हुए नुकसान का भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने लेखपालों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में फसल क्षति का सर्वे कराकर नुकसान का चिन्हांकन कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित किसानों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया भी साथ-साथ शुरू करने को कहा।
डीएम ने कहा कि बारिश और बाढ़ से प्रभावित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी फसल क्षति का सत्यापन कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि जनता की सेवा और उनकी समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।