चंदौली। जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और नक्सली व असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी रोकथाम के लिए पुलिस ने सघन कांबिंग अभियान चलाया। चकरघट्टा थाना पुलिस और QRT टीम ने देवदत्तपुर-सोनवार क्षेत्र के पहाड़ी एवं जंगल इलाकों में संयुक्त रूप से अभियान चलाकर संदिग्ध स्थानों और पगडंडियों की तलाशी ली।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में काफी दूर तक पैदल गश्त की। टीम ने ऐसे स्थानों को भी खंगाला, जहां संदिग्ध गतिविधियों की आशंका हो सकती है। पुलिसकर्मियों ने ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली।

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि क्षेत्र में कोई संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि ग्रामीणों की जागरूकता और सहयोग से असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है।

चंदौली पुलिस के अनुसार, जिले के संवेदनशील और जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर निगरानी लगातार जारी रहेगी। नक्सली गतिविधियों तथा अन्य असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए समय-समय पर कांबिंग और गश्त अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है।