दुल्हीपुर क्षेत्र के निबुपुर गांव में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी भाद्रपद मास की शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि पर गणेश उत्सव के पावन अवसर पर युवा भारतीय मंच के संरक्षक एवं पूर्व प्रधान सुनील यादव देवता की देख रेख में एक भव्य विशाल भंडारा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मंदिर प्रांगण को फूल माला और झालर बत्ती लगाकर दुल्हन की तरह सजाया गया। भंडारे में आसपास के दर्जनों गांव के ग्रामीणों और प्रमुख समाजसेवीयो ने शामिल होकर भगवान श्री गणेश जी के दर्शन कर प्रसाद ग्रहण किया। उसके बाद गणेश उत्सव में शामिल होने आए प्रमुख समाजसेवी अश्वनी शुक्ला व अन्य गणमान्य लोगों का आयोजनकर्ता सुनील यादव देवता प्रधान की ओर से पुष्पमाला और अंग वस्त्र देकर स्वागत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम देर रात चलता रहा और श्रद्धालु झूमते रहे। इस अवसर पर प्रमुख समाजसेवी अश्वनी शुक्ला ने कहा कि गणेश उत्सव सनातन धर्म का एक प्रमुख और पवित्र त्यौहार है। जो भगवान श्री गणेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है। इस तरह के आयोजन में लोगों को एक दूसरे से मिलने का अवसर मिलता है। इस अवसर पर बढ़िया ग्राम प्रधान शंकर यादव, डॉ0 नंदलाल शर्मा, राजा यादव ,प्रताप चौबे,रोहित यादव, दिव्यांश पाण्डेय, धर्मेंद्र कुमार अभिषेख दुबे विनय सिंह सहितअन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।