चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के लौंदा गांव के समीप नेशनल हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार मैजिक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
बताया गया कि हादसा देर रात करीब 12:30 बजे हुआ। मैजिक वाहन हाईवे से गुजर रहा था। इसी दौरान लौंदा गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना तेज था कि चालक को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को जानकारी दी। अलीनगर थाना पुलिस ने काफी प्रयास के बाद दुर्घटनाग्रस्त मैजिक को हटवाते हुए वाहन में फंसे चालक के शव को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 38 वर्ष बताई जा रही है। तलाशी के दौरान मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान पत्र नहीं मिला, जिससे तत्काल उसकी पहचान हो सके। पुलिस को मृतक के पास से मोबाइल फोन भी मिला है, लेकिन हादसे में मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। इसके चलते पुलिस को मोबाइल के जरिए परिजनों तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।
अलीनगर प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि शव की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के थानों के साथ ही पड़ोसी जिलों की पुलिस को भी सूचना दी गई है। पुलिस वाहन और उपलब्ध जानकारी के आधार पर मृतक की पहचान करने में जुटी है। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।