चंदौली ब्यूरो :: चंदौली के डीडीयू नगर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान ने व्यापारियों और आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुधवार को लगातार छठे दिन भी बुलडोजर कार्रवाई जारी रही, जिससे पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

📍 बाजार में सन्नाटा, जरूरी सेवाएं प्रभावित

कार्रवाई के चलते कई दुकानें टूट गईं, जिससे होटल, चाय-पान और दैनिक उपयोग की दुकानों पर ताले लटक गए। हालात ऐसे हो गए कि स्टेशन के आसपास यात्रियों को पानी तक के लिए भटकना पड़ रहा है।

“मजदूर नहीं मिल रहे, कैसे तोड़ें दुकान”

सुबह से ही पीडब्ल्यूडी और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर डटी रही। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार, एसडीएम अनुपम मिश्र, ईओ राजीव मोहन, सीओ अरुण कुमार और मुगलसराय थानाध्यक्ष बीपी सिंह भारी पुलिस बल के साथ कार्रवाई की निगरानी करते रहे।

कई दुकानदारों ने अधिकारियों से हाथ जोड़कर एक-दो दिन की मोहलत मांगी। उनका कहना है कि अचानक हुई कार्रवाई के कारण मजदूर नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे वे खुद ही तेज धूप में हैमर-ड्रिल से दुकान तोड़ने को मजबूर हैं। बिजली न होने से जनरेटर के सहारे काम चलाया जा रहा है।

धूल और जाम से हाल बेहाल

बुलडोजर कार्रवाई के दौरान उड़ रही धूल और मलबे ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। दिनभर सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही, वहीं हादसे की आशंका को देखते हुए पुलिस राहगीरों को बार-बार हटाती रही।

व्यापारियों में नाराजगी

कई व्यापारियों ने सरकार के फैसले पर नाराजगी जताई। एक दुकानदार ने कहा, “20 साल से दुकान चला रहे हैं, अब अचानक कहां जाएं?” हालांकि 52 फीट की बजाय 48 फीट सड़क चौड़ीकरण के फैसले से कुछ दुकानदारों को आंशिक राहत जरूर मिली है।

यात्रियों को सबसे ज्यादा दिक्कत

स्टेशन के आसपास की अधिकतर खाने-पीने की दुकानें टूट जाने से बाहर से आने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चाय और पानी जैसी बुनियादी चीजें भी आसानी से उपलब्ध नहीं हैं। वहीं ऑटो-रिक्शा चालकों का कहना है कि बाजार उजड़ने से सवारी भी कम हो गई है।

प्रशासन सख्त

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों को जल्द से जल्द चिन्हित हिस्से को स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *