चंदौली :–चकिया क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य ने सोमवार को लतीफशाह स्थित वन विभाग की नर्सरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नर्सरी में तैयार किए जा रहे विभिन्न प्रजातियों के पौधों का अवलोकन किया तथा उनके संरक्षण, रखरखाव और गुणवत्ता की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की।
विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। अधिक से अधिक पौधरोपण कर हरित क्षेत्र को बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है। वन विभाग द्वारा नर्सरियों में तैयार किए जा रहे पौधे पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से पौधरोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस दौरान विधायक ने नर्सरी में मौजूद विभिन्न प्रकार के पेड़ों और पौधों के बारे में वन विभाग के संबंधित अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली तथा पौधों की तैयारियों और वितरण व्यवस्था के संबंध में भी चर्चा की।
चंद्रभान रेंज के रेंजर अखिलेश दुबे ने बताया कि नर्सरी में फलदार, छायादार एवं औषधीय प्रजातियों के हजारों पौधे तैयार किए जा रहे हैं। इन पौधों का वितरण विभागीय योजनाओं के तहत जनसामान्य, संस्थाओं एवं विभिन्न अभियान कार्यक्रमों में किया जाता है। उन्होंने कहा कि वन विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक हरित क्षेत्र का विस्तार करना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना है।
निरीक्षण के दौरान वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *