दुकान बंद कर घर जा रहे कारोबारी पर हमला
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सराफा कारोबारी को गोली मार दी। वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।जानकारी के अनुसार, गोधना मोड़ पर सुजीत बिंद की आभूषण की दुकान है। वह पास के मनोहरपुर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुजीत बिंद दुकान बंद कर घर जा रहे थे, तभी बाइक से पहुंचे तीन बदमाशों ने उन पर अचानक फायरिंग कर दी।
गोली सुजीत बिंद के बाएं हाथ में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस और क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल कारोबारी को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक हमला का उद्देश्य स्पष्ट नहीं हो पायाहै मौके पर पुलिस आस पास के सीसी टीवी फुटेज खंगाल कर कार्यवाही में जुट गई है।
