₹1.34 लाख लूटकांड का खुलासा, ₹60 हजार नकद, बाइक, मोबाइल और लूटा गया बैग बरामद
चन्दौली। जनपद में संगठित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुए सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से ₹60 हजार नकद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का लूटा गया बैग बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार 21 मई 2026 को वाराणसी निवासी महताब अहमद ने थाना मुगलसराय में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह विभिन्न दुकानदारों से फर्म का पैसा वसूल कर मोपेड से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम चौरहट के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में करीब ₹1.34 लाख नकद मौजूद थे।

घटना के बाद पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 70 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने ग्राम चौरहट स्थित ओपी गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पाण्डेय, मोहम्मद तारिक अंसारी उर्फ आर्यन और देव सरकार उर्फ दयाल के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपियों को मुनीब की गतिविधियों की जानकारी एक अंदरूनी सूत्र ने दी थी, जो स्वयं वसूली का काम करता था। उसी सूचना के आधार पर आरोपियों ने रेकी कर घटना को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक सभी आरोपी पढ़ाई करने वाले छात्र हैं, लेकिन जल्दी पैसा कमाने और अपने शौक पूरे करने के लालच में अपराध की दुनिया में उतर गए।
अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि लूट की रकम छह लोगों में बांटी गई थी और कुछ पैसा खर्च भी कर दिया गया था। घटना के बाद बैग को रास्ते में फेंक दिया गया था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी फिर किसी अन्य वारदात की योजना बना रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
- ₹60,000 नगद
- 02 मोटरसाइकिल
- 04 मोबाइल फोन
- लूटा गया बैग
कार्रवाई करने वाली टीम
मुगलसराय थाना पुलिस, एसओजी टीम, सर्विलांस टीम और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता हासिल हुई।
📢 विज्ञापन के लिए संपर्क करें —
गौरीशंकर आयुर्वेदिक औषधि भंडार
वेस्टर्न बाजार, लॉट नं. 1, गल्लामंडी चौराहा, MGS
📞 7704040008