मानविकी की छात्रा हैं श्वेता
राजनीति विज्ञान विषय में पाई 99 अंक
गत वर्ष भी मानविकी की छात्रा ने किया था टॉप
डीडीयू नगर। मानस नगर स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय का कक्षा 12वीं का परीक्षा परिणाम इस वर्ष अत्यंत शानदार रहा। विद्यालय के विबिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल विद्यालय बल्कि परिवार एवं पूरे क्षेत्र का नाम रौशन किया। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय में गर्मी की छुट्टियाँ होने के बावजूद कई सारे विद्यार्थी अपने अभिभावकों संग विद्यालय पहुँचे और सफलता का जश्न मनाया।
गत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी मानविकी (ह्यूमैनिटीज) संकाय की छात्रा ने ही बाजी मारी। मानविकी की छात्रा श्वेता शर्मा ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। श्वेता की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अध्ययन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अपने माता-पिता के सहयोग को दिया।
श्वेता ने कहा कि उन्होंने पूरे वर्ष अनुशासित ढंग से पढ़ाई की और शिक्षकों द्वारा दिए गए बहुमूल्य सुझावों का पालन किया। उनका सपना भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाकर देश की सेवा करना है। दौरतलब है कि श्वेता ने राजनीति विज्ञान विषय 99 अंक हासिल किया।
विद्यालय में दूसरा स्थान विज्ञान संकाय के छात्र उत्कर्ष वर्मा ने प्राप्त किया। उत्कर्ष ने 92.6 प्रतिशत अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता और निरंतर मेहनत ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के अनुशासित वातावरण को दिया।

कॉमर्स संकाय की छात्रा गोल्डी अंचल ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में तीसरा स्थान हासिल किया। गोल्डी ने कहा कि नियमित अभ्यास और सकारात्मक सोच ने उन्हें यह सफलता दिलाई। उन्होंने परीक्षा की तैयारी के दौरान समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया। गोल्डी ने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ मानसिक संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी होता है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार और विद्यालय परिवार में काफी खुशी है।
विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों ने भी अच्छे अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। कई छात्रों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जिससे विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम अत्यंत प्रभावशाली रहा। शिक्षकों का कहना है कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष मेहनत और लगन के साथ अध्ययन किया, जिसका परिणाम आज देखने को मिल रहा है।

विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती क्षमा सिंह ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कराना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है। विद्यालय में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक किया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों की सकारात्मक भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर शिक्षक संजय कुमार वर्मा, चंद्रभूषण प्रसाद, अमित कुमार चौरसिया, नगीना राम, सिद्धार्थ यादव आदि उपस्थित रहे।