मनोकामना रेस्टुरेंट में आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से सौंपी नई जिम्मेदारी, संस्था ने समाज सेवा के कार्यों को और विस्तार देने का लिया संकल्प

चंदौली ब्यूरो :: पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित मनोकामना रेस्टुरेंट में उज्ज्वल भविष्य सेवा संस्थान का स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों की सहमति से पूर्व में उपाध्यक्ष पद पर कार्यरत विनीता अग्रहरि के कार्य, समर्पण एवं नेतृत्व क्षमता से प्रभावित होकर उन्हें संस्था का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मौके पर मौजूद सभी सदस्यों ने अपनी सहमति जताते हुए उन्हें नए दायित्व की शुभकामनाएं दीं।

संस्था के सचिव सुजीत सिंह ने बताया कि 16 जुलाई 2023 से संस्था लगातार समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही है, जबकि संस्था का आधिकारिक रजिस्ट्रेशन वर्ष 2024 में कराया गया। संस्था का मुख्य उद्देश्य गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें किताब, कॉपी, पेन सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि संस्था समय-समय पर गांवों में पहुंचकर उन परिवारों के बीच खुशियां बांटने का कार्य करती है, जो आर्थिक अभाव के कारण त्योहार नहीं मना पाते। दीपावली, होली एवं ईद जैसे पर्वों पर मिठाई, पटाखे एवं जरूरत की वस्तुओं का वितरण किया जाता है। वहीं ठंड के मौसम में गरीबों एवं जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण कार्यक्रम भी चलाया जाता है।

इसके अतिरिक्त छठ पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों में संस्था द्वारा तालाबों एवं घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए चाय, दूध एवं जागरण की व्यवस्था कराई जाती है। संस्था का भविष्य में यह प्रयास रहेगा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों का विवाह भी संस्था के माध्यम से सम्मानपूर्वक कराया जाए, जिससे समाज में सहयोग एवं मानवता की भावना और मजबूत हो सके।

संस्था के संचालन में प्रबंधक सुजीत सिंह, कोषाध्यक्ष पवन तिवारी एवं उपाध्यक्ष सुनीता मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके अलावा शीला यादव, रीना जायसवाल, दुर्गा देवी, अनीता गुप्ता, इंद्रजीत, विनीत श्रीवास्तव, प्रदीप तिवारी, संगीता, अनीता यादव, राजकुमार जायसवाल, राजीव गुप्ता एवं भूपेंद्र सिंह सहित कई समाजसेवी सदस्य संस्था से जुड़कर सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *